छपरा / 3 अप्रैल 2022 : आम आदमी पार्टी ने जिले के मढ़ौरा एवं नगरा में जन संवाद का आयोजन किया। किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। हजारों किसानों ने सरकार के नाम अपनी समस्याओं से संबंधित पत्र आप नेता सुशील सिंह को सौंपा।
सुशील सिंह ने कहा कि किसान जब तक कमजोर रहेंगे, तब तक समाज का सर्वांगीण विकास संभव ही नहीं है। इसलिए सबसे पहले अन्नदाताओं को उनका वाजिब हक और अधिकार दिलवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार में किसानों की स्थिति अच्छी नहीं है। उन्हें सरकार की वर्तमान योजनाओं का भी लाभ सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है।
सुशील ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने पिछले एक सप्ताह में जिले में 20 अलग-अलग स्थानों पर जन संवाद आयोजित कर हजारों किसानों एवं आम लोगों से स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की है। साथ ही, उन सबसे सरकार एवं प्रशासन के नाम शिकायत पत्र भी लिया है। हजारों की संख्या में ये सभी पत्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन को सौंप दिए जायेंगे ताकि उनकी नींद टूटे और वे किसानों को समस्याओं से निजात दिला सकें।
सुशील ने कहा कि अगर आगे भी राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का किसानों की समस्याओं के प्रति टालमटोल का रवैया रहा तो पार्टी आन्दोलन का रूख अख्तियार करने को मजबूर होगी।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं से जुड़े पत्र सरकार एवं प्रशासन को देने के बाद पार्टी अप्रैल भर इंतजार करेगी। अगर निदान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति बनाने के लिए पुनः पंचायत एवं गांव स्तर पर जनसंवाद का आयोजन किया जायेगा।
विदित हो कि आम आदमी आर्टी ने पिछले एक सप्ताह में सुशील सिंह के नेतृत्व में पन्नापुर, तरैया, इसुआपुर, मशरक, बनियापुर, जलालपुर, लहलादपुर, एकमा, मांझी, रिविलगंज, छपरा सदर, गड़खा, दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, मकेर, परसा, अमनौर, मढ़ौरा एवं नगरा प्रखंडों में जनसंवाद आयोजित कर स्थानीय लोगों से किसानों एवं आम लोगों की समस्याओं पर चर्चा की। लोगों से सरकार एवं प्रशासन के नाम पत्र लिए। आप नेता सुशील सिंह के अनुसार अब उन हजारों पत्रों की प्रतियां स्थानीय प्रशासन एवं राज्य सरकार को सौंप दी जायेगी।









0 Comments